नए नागरिकता क़ानून और उसके इर्द-गिर्द जारी राजनीतिक बहस को लेकर फ़िल्म अभिनेता नसीरुद्दीन शाह और अनुपम खेर के बीच ज़ुबानी जंग हो गई है. हाल ही में नसीरुद्दीन शाह ने एक वीडियो इंटरव्यू में अनुपम खेर को 'चापलूस' और 'जोकर' बताया था, जिसका अब अनुपम खेर ने जवाब दिया है. शाह की टिप्पणी पर पलटवार करते हुए अनुपम खेर ने बुधवार शाम एक वीडियो ट्वीट किया, जिसके साथ उन्होंने लिखा, "जनाब नसीरुद्दीन शाह साहब के लिए मेरा प्यार भरा पैग़ाम! वो मुझसे बड़े हैं. उम्र में भी और तजुर्बे में भी. मैं हमेशा से उनकी कला की इज़्ज़त करता आया हूँ और करता रहूँगा. पर कभी-कभी कुछ बातों का दो टूक जवाब देना ज़रूरी होता है. ये है मेरा जवाब." "हालांकि मैंने कभी भी आपकी बुराई नहीं की, आपको बुरा भला नहीं कहा. पर अब ज़रूर कहना चाहूँगा कि आपने अपनी पूरी ज़िंदगी, इतनी कामयाबी मिलने के बावजूद, कुंठा में गुज़ारी है. अगर आप दिलीप कुमार को, अमिताभ बच्चन को, राजेश खन्ना को, शाहरुख ख़ान को, विराट कोहली को दोषपूर्ण बता सकते हैं, उनकी आलोचना कर सकते हैं, तो मुझे विश्वास है कि मैं बढ़िया लोगों में शामिल हूँ." "इनमें से किसी ने भी आपकी टिप्पणियों को गंभीरता से नहीं लिया क्योंकि ये सभी जानते हैं कि जिन पदार्थों का सेवन आप करते हैं, उनकी वजह से क्या सही है और क्या ग़लत है, आपको इसका अंतर ही नहीं पता लगता. मेरी बुराई करके अगर आप एक-दो दिन के लिए सुर्खियों में आते हैं, तो मैं आपको ये ख़ुशी भेंट करता हूँ. भगवान आपको ख़ुश रखे. आपका शुभचिंतक, अनुपम. और आप जानते हैं कि मेरे ख़ून में क्या है? मेरे ख़ून में है हिन्दुस्तान. इसको समझ जाइये बस. जय हो!"
#CAA #CAAProtest #AnupamKher
ऐसे ही और दिलचस्प वीडियो देखने के लिए चैनल सब्सक्राइब ज़रूर करें-
https://www.youtube.com/channel/UCN7B-QD0Qgn2boVH5Q0pOWg?disable_polymer=true
बीबीसी हिंदी से आप इन सोशल मीडिया चैनल्स पर भी जुड़ सकते हैं-
फ़ेसबुक- https://www.facebook.com/BBCnewsHindi
ट्विटर- https://twitter.com/BBCHindi
इंस्टाग्राम- https://www.instagram.com/bbchindi/
बीबीसी हिंदी का एंड्रॉयड ऐप डाउनलोड करने के लिए क्लिक करें- https://play.google.com/store/apps/details?id=uk.co.bbc.hindi